




TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षक संवर्ग छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश में कार्यरत शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।

मोर्चा ने ज्ञापन में शिक्षक संवर्ग के हितों से जुड़ी पांच प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि शिक्षक संवर्ग की समस्याओं का लंबे समय से निराकरण नहीं होने के कारण शिक्षकों में असंतोष है।
TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग
मोर्चा ने सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा TET संबंधी प्रक्रिया के लिए 31 अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है। ऐसे में पदोन्नति में TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई है।

प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना की मांग
शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करने तथा पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू सभी लाभ प्रदान करने की मांग भी उठाई गई है।

केंद्रीय वेतनमान के आधार पर वेतन निर्धारण
मोर्चा ने शिक्षक संवर्ग की लंबित वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान संरचना के आधार पर वेतन निर्धारण करने की मांग की है।
भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संशोधन
13 फरवरी 2026 को जारी छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती एवं पदोन्नति नियम के राजपत्र में शिक्षक एलबी संवर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई है।

ब्रिज कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षण की मांग
इसके अलावा बीएड प्रशिक्षित शिक्षक संवर्ग से संबंधित मांग रखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से
आवश्यक प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने शासन से मांग की है कि शिक्षक संवर्ग की इन समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। संगठन ने उम्मीद जताई है कि सरकार शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक पहल करेगी।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

