

गणेश चतुर्थी से पहले मुंगेली पुलिस का एक्शन, 45 निगरानी और गुंडा बदमाशों की हुई सघन चेकिंग,,
सिटी कोतवाली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों से पूछताछ, आय के स्रोत और संपत्ति की ली गई जानकारी; आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की दी सख्त हिदायत,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- गणेश चतुर्थी एवं आगामी त्यौहारों को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 45 बदमाशों की चेकिंग की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला ने सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चेकिंग की। इस दौरान उनसे उनकी आय के स्रोत, चल-अचल संपत्ति, वर्तमान गतिविधियों, आवागमन तथा घूमने-फिरने के स्थानों सहित अन्य आवश्यक जानकारियां ली गईं।

पुलिस ने सभी को स्पष्ट हिदायत दी कि आगामी त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इन थाना क्षेत्रों में हुई चेकिंग
पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई।
लोरमी थाना: 4 निगरानी बदमाश, 15 गुंडा बदमाश और 4 गैंग हिस्ट्रीशीटर समेत कुल 23 की चेकिंग।
जरहागांव थाना: 1 निगरानी बदमाश और 1 गुंडा बदमाश की चेकिंग।
लालपुर थाना: 2 गुंडा बदमाशों की चेकिंग।
चिल्फी थाना: 2 निगरानी बदमाश और 1 गुंडा बदमाश की चेकिंग।
अन्य थाना क्षेत्र: 1 निगरानी बदमाश और 2 गुंडा बदमाशों की चेकिंग।

इस तरह जिले में कुल 8 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश और 4 गैंग हिस्ट्रीशीटर, यानी कुल 45 बदमाशों की चेकिंग की गई।
मुंगेली पुलिस का कहना है कि गणेश चतुर्थी सहित आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों की जानकारी मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

