
शिक्षकों की कमी से नाराज छात्राओं ने NH-130A किया जाम, जनदर्शन में मांग पूरी नहीं होने पर सड़क पर उतरीं छात्राएं,,
मुंगेली के लौदा स्कूल का मामला, BEO और SDM की समझाइश के बाद खुला चक्काजाम,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/पथरिया। पथरिया ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लौदा में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं का आक्रोश आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। स्कूल में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सैकड़ों छात्राएं आज जिला प्रशासन के जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचीं और अपनी समस्या को लेकर आवेदन सौंपा।

छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जनदर्शन में आवेदन देने के बाद जब अधिकारियों की ओर से एक बार फिर जल्द शिक्षक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, तो छात्राएं नाराज हो गईं और सड़क पर उतर आईं।
आक्रोशित छात्राओं ने NH-130A पर कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया। इस दौरान छात्राओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्कूल में जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।

पंद्रह दिन पहले भी दिया गया था आवेदन
लौदा ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि करीब पन्द्रह दिन पहले भी स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिया गया था। उस समय जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की ओर से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन पन्द्रह दिन बीत जाने के बाद भी स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने से छात्राओं में नाराजगी बढ़ती गई।
देखिए वीडियो –
आज दोबारा जनदर्शन में आवेदन देने के बाद भी केवल आश्वासन मिलने से छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने NH-130A पर चक्काजाम कर दिया।

अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। BEO और SDM ने छात्राओं को समझाइश दी और जल्द ही स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।

अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन के आश्वासन के बाद लौदा स्कूल में शिक्षकों की कमी कब तक दूर होती है। फिलहाल छात्राओं ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पढ़ाई से जुड़ी इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

