
मुंगेली में ईद मिलादुन्नबी पर आस्था के साथ सेवा और भाईचारे का संदेश,,
बच्चों की रैली से जुलूस-ए-मोहम्मदी, सहायता एवं स्वास्थ्य शिविर, आम दावत और इज्तेमाई सुन्नत तक सप्ताहभर चला कार्यक्रमों का सिलसिला,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- ईद मिलादुन्नबी 2026 के मुबारक अवसर पर सुन्नी मुस्लिम जमात मुंगेली की ओर से 24 अगस्त से 31 अगस्त तक धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिलेवार आयोजन किया गया। सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद एवं अंजुमन इंतेजामिया कमेटी के जानिब से आयोजित इन कार्यक्रमों में बच्चों से लेकर युवाओं, बुजुर्गों और समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सप्ताहभर चले इस आयोजन की खासियत यह रही कि ईद मिलादुन्नबी की धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ भाईचारा, सामाजिक एकता, जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता और इंसानियत को भी प्रमुखता दी गई। कार्यक्रम को शुरूआत बच्चों की रैली से हुआ जिसके बाद कार्यक्रमों का सिलसिला बाइक रैली, जुलूस-ए-मोहम्मदी, सहायता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जिसके बाद पूरे जमात का आम दावत और अंत में इज्तेमाई सुन्नत तक पहुंचा।

बच्चों की रैली से हुआ कार्यक्रमों का आगाज
ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रमों की शुरुआत 24 अगस्त को बच्चों की रैली से हुई। रैली में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छोटे-छोटे बच्चों की अनुशासित सहभागिता ने पूरे आयोजन में उत्साह और आकर्षण का माहौल बना दिया,रैली का उद्देश्य नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सामाजिक संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आपसी प्रेम, भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा,बच्चों ने पूरे अनुशासन के साथ रैली में भाग लेकर यह संदेश दिया कि समाज की नई पीढ़ी भी धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक मूल्यों को समझने और अपनाने के लिए तैयार है। रबीउल अव्वल के चांद दिखने के साथ ही मुंगेली के रिजवी परिवार द्वारा रोजाना मगरिब के बाद 12 दिन तक यह बच्चो की रैली निकाली जाती है जिसके बाद इसे विगत और इस वर्ष 1 दिन भव्य रैली निकालने की परंपरा शुरू की गई है!सुन्नी हनफी कच्छी मस्जिद के मुतवल्ली सैय्यद वाजिद ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अच्छे संस्कारों, सामाजिक जिम्मेदारियों और भाईचारे से जोड़ना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से बच्चों को आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया।

बाइक रैली में युवाओं ने दिखाया जोश और उत्साह
कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 25 अगस्त को बाइक रैली का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।युवाओं ने अनुशासन के साथ बाइक रैली में सहभागिता दर्ज कराते हुए एकता, अनुशासन और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया। रैली ने शहर में ईद मिलादुन्नबी के आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बनाया। किसी भी समाज की मजबूती में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। बाइक रैली सुन्नी हनफी कच्छी मस्जिद से निकला जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा, जहां लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की पैदाइश की खुशी का इजहार किया।
जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम
कार्यक्रमों की श्रृंखला का प्रमुख आकर्षण 26 अगस्त को आयोजित जुलूस-ए-मोहम्मदी रहा। जुलूस में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी अकीदत का इजहार किया,जुलूस के दौरान लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी मनाते हुए अमन, शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा।सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद के खतीब-ओ-इमाम मुफ्ती गुफरान रजा साहब एवं मदीना मस्जिद के खतीब-ओ-इमाम ने जगह-जगह नौजवानों द्वारा आयोजित परचम कुशाई एवं स्टेज कार्यक्रमों में सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही मुल्क-ए-हिंदुस्तान में अमन, शांति, तरक्की और कामयाबी के लिए दुआ की गई।जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने स्वागत किया, सभी के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाए गए, जहां जुलूस में शामिल लोगों के लिए नाश्ता, शरबत और लंगर की व्यवस्था की गई। लोगों ने उत्साहपूर्वक इन सेवा कार्यों में हिस्सा लिया।

सहायता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने दिया सेवा और इंसानियत का संदेश
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 27 अगस्त को सभी वर्ग और समाज के लिए आयोजित सहायता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर पूरे कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहलू रहा।शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई साथ ही मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। वहीं नगरपालिका मुंगेली की ओर से सहायता शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया,धार्मिक आयोजन के बीच जनसेवा से जुड़ी इस पहल ने पूरे कार्यक्रम को एक व्यापक सामाजिक स्वरूप प्रदान किया,अंजुमन इंतेजामिया कमेटी के सदर इशहाक खान ने कहा कि खुशियां मनाने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ सहायता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया,शिविर के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति जागरूक किया गया।

आम दावत में मजबूत हुआ आपसी मेल-मिलाप
29 अगस्त को आम दावत (सुन्नी जमात) का आयोजन किया गया। इसमें समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और आपसी मेल-मिलाप एवं भाईचारे को मजबूत किया।इस दावत की खास पहल मुतवल्ली सैय्यद वाजिद की ओर से शुरू की गई ‘खाना खाने से पहले, दो लोगों को खाना खिलाने’ की मुहिम रही। इस पहल का उद्देश्य केवल दावत में शामिल होकर भोजन करना नहीं, बल्कि दूसरों को भोजन कराने की भावना को बढ़ावा देना था। इसका असर भी देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने पहले दूसरों को खाना खिलाने की पहल की।मुतवल्ली सैय्यद वाजिद कहते है कि मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहती है तो समाज में एक-दूसरे को खिलाने और सहयोग करने की परंपरा मजबूत होगी और किसी एक व्यक्ति या परिवार पर दावत की पूरी जिम्मेदारी निर्भर नहीं रहेगी।आम दावत ने समाज के लोगों को एक साथ बैठने, एक-दूसरे से मिलने और ईद मिलादुन्नबी की खुशियां साझा करने का अवसर दिया। इस आयोजन ने पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता और भाईचारे का रंग और गहरा कर दिया।
इज्तेमाई सुन्नत के साथ हुआ सप्ताहभर के कार्यक्रमों का समापन
सप्ताहभर चले कार्यक्रमों की श्रृंखला का अंतिम और महत्वपूर्ण आयोजन 31 अगस्त को इज्तेमाई सुन्नत (खतना) के रूप में किया गया,इसमें सुन्नत करने के लिए झलमला वाले अनुभवी खलीफा अब्दुल असलम के द्वारा चिकित्सक डॉक्टरों की उपस्थिति में खतना किया गया..सुन्नी हन्फ़ी मस्जिद कमेटी के सचिव सैय्यद जहाँगीर अली और नायाब सचिव अजहर हुसैन ने बताया कि मुंगेली में यह पहला अवसर रहा, जब ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जमात की ओर से इज्तेमाई सुन्नत का आयोजन किया गया। पहली ही बार में 14 बच्चों की सुन्नत कराई गई। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए सामूहिक रूप से सुन्नत की व्यवस्था करना और परिवारों पर आने वाले आर्थिक एवं व्यवस्थागत बोझ को कम करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों की सुविधा, व्यवस्था और आवश्यक सहयोग का विशेष ध्यान रखा गया। इज्तेमाई सुन्नत के साथ ही ईद मिलादुन्नबी 2026 के तहत आयोजित सप्ताहभर के कार्यक्रमों का औपचारिक समापन हुआ।
धार्मिक आयोजन के साथ समाजसेवा और भाईचारे का व्यापक संदेश
सुन्नी मुस्लिम जमात मुंगेली की ओर से आयोजित ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रमों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पूरे सप्ताह धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई।बच्चों की रैली ने नई पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित की, बाइक रैली ने युवाओं की सक्रियता और अनुशासन का संदेश दिया, जुलूस-ए-मोहम्मदी ने धार्मिक आस्था एवं भाईचारे को मजबूत किया, सहायता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने सेवा और इंसानियत का संदेश दिया, आम दावत ने सामाजिक मेल-मिलाप को बढ़ावा दिया और इज्तेमाई सुन्नत ने जरूरतमंद परिवारों के लिए सहयोग की मिसाल पेश की।इस तरह ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धर्म के साथ सेवा, सहायता, स्वास्थ्य, सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला व्यापक आयोजन बनकर सामने आया।
समाजजनों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रमों को सफल बनाने में सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद कमेटी,अंजुमन इंतेजामिया कमेटी,अल अमीन एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ सुन्नी मुस्लिम जमात के बड़ी संख्या में समाजजनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वहीं सुन्नी हनफी कच्छी मस्जिद के खतीब-ओ-इमाम व मुअज्जिन, मदीना मस्जिद के खतीब-ओ-इमाम व मुअज्जिन सहित समाज के विभिन्न लोगों ने कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। सुन्नी हनफी कच्छी मस्जिद कमेटी के मुतवल्ली सैय्यद वाजिद ने सप्ताहभर चले सभी कार्यक्रमों में सहयोग एवं सहभागिता करने वाले तमाम समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, भाईचारा, सेवा और जरूरतमंदों की मदद का यह सिलसिला भविष्य में भी जारी रहना चाहिए। ईद मिलादुन्नबी 2026 के इन आयोजनों ने यही संदेश दिया कि खुशियां केवल मनाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें दूसरों के साथ बांटने और जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए भी होती हैं।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

