
नगर के विकास को नई दिशा:3.52 करोड़ के उद्यान की स्वीकृति पर नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जताया आभार,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रयासों से मुंगेली नगर को एक और महत्वपूर्ण विकास कार्य की सौगात मिली है। केंद्र सरकार के अमृत मिशन 2.0 (AMRUT 2.0) के तहत नगर पालिका क्षेत्र के पेंडाराकापा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में नवीन उद्यान निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। AMRUT 2.0 के अंतर्गत पार्क एवं हरित क्षेत्र विकास भी परियोजनाओं का हिस्सा है।
करीब 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस नवीन उद्यान के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके पश्चात रूप केशरी कंस्ट्रक्शन को कार्यादेश जारी किया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र नगरवासियों के लिए मनोरंजन, स्वास्थ्य, व्यायाम और हरियाली का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा।

4500 पौधों से विकसित होगा हरित परिसर
नवीन उद्यान की खासियत यह होगी कि परिसर में करीब 4500 पौधों का रोपण किया जाएगा। इससे पेंडाराकापा एवं आसपास के क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध होगा। उद्यान में आकर्षक हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
उद्यान में ओपन जिम,पाथवे तथा बच्चों के खेलकूद के लिए आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। इससे सुबह-शाम टहलने एवं व्यायाम करने वाले नागरिकों के साथ बच्चों और युवाओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जताया आभार
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मुंगेली को मिली इस बड़ी सौगात के लिए प्रदेश सरकार एवं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
रोहित शुक्ला ने कहा कि पेंडाराकापा,महाराणा प्रताप वार्ड में बनने वाला यह नवीन उद्यान मुंगेली के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। करीब 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस उद्यान में बड़ी संख्या में पौधारोपण के साथ ओपन जिम,पाथवे और बच्चों के लिए खेलकूद की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे नागरिकों को स्वस्थ वातावरण के साथ परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं और हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहा:गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर रहेगा जोर
नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहा कि नवीन उद्यान निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्यादेश जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहाकि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उद्यान में पौधारोपण,पाथवे,ओपन जिम एवं बच्चों के खेलकूद सहित प्रस्तावित सभी सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाएगा,ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक नगरवासियों को मिल सके।
उन्होंने कहा कि नगर में बेहतर नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ हरित क्षेत्र बढ़ाना भी नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है।
3.52 करोड़ की यह परियोजना पूर्ण होने के बाद पेंडाराकापा क्षेत्र में एक विकसित एवं सुविधायुक्त हरित परिसर तैयार होगा,जो मुंगेली के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य,मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

