

खेत की मेड़ पर पेड़ से लटकती मिली ग्रामीण की लाश, पुलिस जांच में जुटी,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोदवाबानी में शुक्रवार तड़के एक ग्रामीण की लाश खेत की मेड़ पर स्थित पेड़ से लटकती मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही लालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोदवाबानी निवासी शिवकुमार उर्फ पवन ध्रुव (44 वर्ष), पिता सरजू ध्रुव की लाश सुबह खेत की मेड़ पर एक पेड़ से फंदे पर लटकती मिली। खेत की ओर जा रहे एक किसान की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मुंगेली भेजा गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

