
नाबालिग युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/जरहागांव- जरहागांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 1 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 29 सितंबर की शाम करीब 7 बजे ग्राम बरेला निवासी साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद घर जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मोटरसाइकिल से छोटे बरेला स्थित एक मकान में ले जाया गया।
पीड़िता के आरोप के मुताबिक, वहां आरोपियों ने उसे नशीला इंजेक्शन लगाया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल को दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी साहिल यादव और प्रहलाद धुरी, दोनों निवासी ग्राम बरेला, को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 137(2), 65(1), 70(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

