
500 रुपये के लिए वृद्ध महिला की हत्या, 6 दिन में अंधे कत्ल का खुलासा,,
उमरिया हत्याकांड में नाबालिग हिरासत में, मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे पैसे; गुस्से में हंसिया से किया वार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/पथरिया। थाना पथरिया एवं चौकी साकेत पुलिस ने ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या के मामले का 6 दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में विधि से संघर्षरत एक बालक को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम उमरिया में 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात 65 वर्षीय सोनकलिया बाई डहरिया की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। 27 सितंबर को मृतिका की भांजी दिव्या भारती ने चौकी साकेत में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के बाद 28 सितंबर को थाना पथरिया में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने ऐसे सुलझाया अंधा कत्ल
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, चौकी साकेत और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मृतिका के परिजनों, ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि वारदात गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक ने की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालक ने बताया कि उसका मोबाइल गिरवी रखा हुआ था, जिसे छुड़ाने के लिए उसने मृतिका से 500 रुपये मांगे थे। पैसे नहीं देने पर वह गुस्से में आ गया और हंसिया से मृतिका के गले पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कपड़े किए गए जब्त
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस उसके घर से बरामद कर जब्त किए। पुलिस के मुताबिक मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 3 अक्टूबर को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर बालक को अभिरक्षा में लिया गया और किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उसे पृथक बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, सउनि रोशन टंडन, प्र.आर.यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, रवि जांगड़े, प्रकाश साहू आर. भेषज पाण्डेकर, राहूल यादव, राकेश बंजारे, गिरीराज सिंह, अतुल सिंह, हेमसिंह, महेन्द्र सिंह, राहुलकांत कश्यप, रामकिशोर कश्यप, जितेन्द्र सिंह, हलिश गेंदले, अमित बारले, स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल की अहम भुमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

