
मुंगेली में भरी बारिश के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की टीम रातभर रही तैनात,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- गणेशोत्सव के समापन अवसर पर शहर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। भरी बारिश के बावजूद विभिन्न गणेश समितियों द्वारा आकर्षक झांकियों और साज-सज्जा के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते नजर आए।

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली विसर्जन यात्राओं के दौरान लगातार बारिश के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन गणेश विसर्जन को लेकर लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारिश के बीच भी विसर्जन यात्रा में शामिल रहे।

सुरीघाट में रातभर डटे रहे नगर पालिका अध्यक्ष की टीम
गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला अपनी टीम के साथ सुरीघाट में रातभर डटे रहे। टीम सुबह करीब 6 बजे तक विसर्जन स्थल पर मौजूद रही और गणेश समितियों व श्रद्धालुओं को सहयोग करती रही। बारिश के बीच प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन और किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए टीम द्वारा व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया।

निर्धारित विसर्जन स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की टीम भी व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही शहर में कई दिनों से चल रहा गणेशोत्सव भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हुआ।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

