
नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन पर आकृति अस्पताल सील, ओटी और आईसीयू भी किए गए सील,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/पथरिया- पथरिया स्थित आकृति अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। यह कार्रवाई नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के उल्लंघन की शिकायत और निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम जब अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची, उस दौरान अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। जांच के दौरान 50 वर्षीय महिला के बच्चेदानी के ऑपरेशन का मामला भी सामने आया। अस्पताल के दस्तावेजों में बताए गए सर्जन से जब ऑपरेशन के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने अस्पताल में उक्त ऑपरेशन किए जाने से अनभिज्ञता जताई।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों में भी कई खामियां मिलीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू को भी सील कर दिया।

यह पूरी कार्रवाई सीएचएमओ श्रीकेश गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में सामने आई अनियमितताओं और नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच के बाद अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

