बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही:रस्सी के सहारे टिका जर्जर बिजली खंभा,कई बार की शिकायत के बाद भी नहीं जागा विभाग,क्या किसी अनहोनी के इंतजार में है बिजली विभाग? नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कलेक्टर से की शिकायत,कलेक्टर ने जल्द समस्या दूर करने के दिए निर्देश,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – नगर पालिका क्षेत्र के रामगोपाल तिवारी वार्ड में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। वार्ड में तनुश्री प्रिंटर्स के पास स्थित एक बिजली का खंभा पूरी तरह से झुककर जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। खंभे की स्थिति ऐसी है कि कभी भी वह सड़क की ओर गिर सकता है,जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके,बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा अब तक इस गंभीर समस्या को दूर नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार,जर्जर एवं झुके हुए बिजली खंभे को बदलने के लिए बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई। इसके बावजूद मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। खंभे के गिरने की आशंका को देखते हुए वार्डवासियों ने स्वयं आगे आकर उसे रस्सी के सहारे बांध दिया ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके। हालांकि रस्सी के सहारे खंभे को रोकना किसी स्थायी समाधान से कम नहीं माना जा सकता और इससे बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष खुद पहुंचे मौके पर
लगातार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। वार्डवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचे और जर्जर खंभे की स्थिति का निरीक्षण किया। मौके की स्थिति देखने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो सहित बिजली विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए बताया कि खंभे की स्थिति बेहद गंभीर है और समय रहते इसे नहीं बदला गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

घंटों बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्ट्रेट पहुंचे रोहित शुक्ला
मामले की जानकारी देने के बाद भी जब कई घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नाराजगी जताई। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और कलेक्टर अमृत विकास तोपनो से मुलाकात कर पूरे मामले से एक बार फिर अवगत कराया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने जर्जर बिजली खंभे की तस्वीर कलेक्टर को दिखाते हुए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब एक खंभा पूरी तरह से झुक चुका है और स्थानीय लोग उसके गिरने की आशंका के कारण उसे रस्सी से बांधने को मजबूर हैं तो ऐसी स्थिति में विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

‘क्या किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है प्रशासन और बिजली विभाग?’
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल किया कि क्या जिला प्रशासन और बिजली विभाग किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जर्जर खंभे को नहीं बदला गया और किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया जाए,ताकि जर्जर खंभे को हटाकर नया खंभा लगाया जा सके और वार्डवासियों को संभावित खतरे से राहत मिल सके।
कलेक्टर ने दिए जल्द समस्या दूर करने के निर्देश
नगर पालिका अध्यक्ष की शिकायत और मौके की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने संबंधित अधिकारियों को उक्त समस्या का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद अब वार्डवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से झुके और जर्जर खंभे को जल्द बदला जाएगा तथा संभावित दुर्घटना को टाला जा सकेगा।
रामगोपाल तिवारी वार्ड के इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिजली से जुड़ी ऐसी गंभीर एवं जोखिमपूर्ण शिकायतों पर विभाग को कितनी तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए। अब देखना होगा कि कलेक्टर के निर्देश के बाद बिजली विभाग कितनी जल्दी मौके पर पहुंचकर जर्जर खंभे को बदलता है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

