बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, गांव में सनसनी उमरिया गांव में घर के कमरे में मिला खून से लथपथ शव, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने की जांच,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
पथरिया। थाना क्षेत्र के साकेत चौकी अंतर्गत ग्राम उमरिया में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी रविवार सुबह ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। हत्या की वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उमरिया निवासी सोनकलिया बाई डहरिया पति स्व. गोफेलाल डहरिया उम्र (65 वर्ष) अपने बेटे के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि उनका बेटा करीब चार दिन पहले अपने रिश्तेदार के यहां गया था। इस दौरान घर में बुजुर्ग महिला अकेली थी। शनिवार 26 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।

रविवार सुबह लोगों ने महिला को घर के कमरे में मृत अवस्था में देखा। कमरे और आसपास खून के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पथरिया लाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य आवश्यक सैंपल जुटाए। वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से भी आरोपी तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशे गए।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी पवन कुमार देवागन ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या की घटना हुई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

