मछली पकड़ने गया युवक चार दिन बाद नदी में मृत मिला, खुड़िया बांध के डुबान क्षेत्र में मचा हड़कंप,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली (लोरमी)- वनांचल क्षेत्र के ग्राम छपरवा से लापता 35 वर्षीय युवक की लाश खुड़िया बांध के डुबान क्षेत्र स्थित मनियारी नदी में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर खुड़िया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छपरवा निवासी शंकर बैगा (35) पिता इतवारी बैगा 25 सितंबर को मछली पकड़ने के लिए मनियारी नदी की ओर गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसी बीच 29 सितंबर की देर शाम जमुनाही डुबान क्षेत्र में मनियारी नदी के पास ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा। ग्रामीणों की सूचना पर खुड़िया चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की पहचान छपरवा निवासी शंकर बैगा के रूप में हुई।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। शव की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने मंगलवार को उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
खुड़िया चौकी प्रभारी दिलीप प्रभाकर ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए लोरमी से सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

