
PMGSY विभाग के अंतर्गत बने
67 लाख की लागत से बनी सड़क पखवाड़े भर में उखड़ी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली-पंडरिया मुख्य मार्ग से बांकी गांव तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी सड़क के रिनुअल कार्य में बड़ा विवाद हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और गुणवत्ता की कोई जांच नहीं की गई। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ रही है, जिससे यह फूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने उनकी बातों को अनसुना कर रात के समय तेजी से काम पूरा कर दिया, ताकि किसी तरह की निगरानी न हो सके। सड़क निर्माण में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। सड़क बनने के महज पखवाड़ेभर में ही उसकी हालत खराब होने लगी है।

बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह ने भी नाराजगी जताई है और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बांकी गांव के लगभग 90 प्रतिशत लोग बीजेपी को वोट देते हैं, इसके बावजूद अगर सड़क निर्माण में लापरवाही हो रही है तो अन्य गांवों की स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है।

विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) परीक्षित सूर्यवंशी का कहना है कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क निर्माण के लिए 67 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस सड़क का दोबारा निर्माण किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

