
शासकीय राशि के गबन का मामला, मुंगेली कलेक्टर ने बैंक मैनेजर को दी हिदायत,दो दिन के अंदर सभी कागजात करें प्रस्तुत नही तो होंगी कानूनी कार्यवाही,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – मुंगेली कलेक्टर ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक को शासकीय राशि के आहरण में अनियमितता को लेकर दो दिन के अंदर सभी कागजात प्रस्तुत करने की हिदायत दी है। यदि संतुष्टिकरण जवाब नहीं मिलता, तो कलेक्टर ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

यह मामला एक गंभीर वित्तीय गड़बड़ी से जुड़ा है, जहां मुंगेली कलेक्ट्रेट के अधोसंरचना मद खाते से 26 लाख 87 हजार रुपये का गबन हुआ। सेंट्रल बैंक के एक कर्मचारी ने अपने निजी खाते में 8 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि अन्य खातों में 9 लाख 18 हजार और 9 लाख 19 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए, जिनका कुल योग 18 लाख 37 हजार रुपये बनता है।

इस बड़ी राशि के गबन के मामले में बैंक कर्मचारी की भूमिका के साथ-साथ शाखा प्रबंधक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने बैंक को नोटिस जारी किया, लेकिन बैंक द्वारा जवाब में देरी की जा रही है।

कलेक्टर कुंदन कुमार के अनुसार, गड़बड़ी के सामने आने के बाद पूरी राशि को फिर से अधोसंरचना मद के खाते में जमा कर दिया गया है। हालांकि, एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बैंक प्रबंधन की ओर से जरूरी दस्तावेजों और खाते का स्टेटमेंट प्रस्तुत नहीं किया गया है।

मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस मामले को गंभीर अनियमितता करार दिया है और कहा है कि दस्तावेजों की जांच के बाद बैंक प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जिला प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

