

महिला अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर कनौजिया क्षत्रिय समाज का सम्मान समारोह आयोजित
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष रघुराज सिंह श्रीनेत रहे मुख्य अतिथि,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ कनौजिया क्षत्रिय समाज द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष रघुराज सिंह श्रीनेत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुराज सिंह श्रीनेत ने कहा कि आज की महिलाएं राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। समाज और देश के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदना योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए निःशुल्क शिक्षा, निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम के पश्चात शाम लगभग 5 बजे एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में भी रघुराज सिंह श्रीनेत शामिल हुए। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹115 की वृद्धि पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री के पुतला दहन कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके बाद शाम 7 बजे उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता भुवन यादव के निवास पर आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम में पहुंचकर कथा श्रवण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

