
महाष्टमी पर मुंगेली में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां महागौरी की हुई विशेष पूजा,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – छत्तीसगढ़ शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन महाष्टमी के अवसर पर मुंगेली जिले में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी।


शहर के सोनार पारा स्थित महामाई मंदिर में महाष्टमी को लेकर खास उत्साह नजर आया। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मां महागौरी के दर्शन कर रहे हैं। वहीं जिले के अन्य दुर्गा मंदिरों में भी भक्तों ने मन्नत ज्योति कलश की स्थापना कर माता रानी की आराधना की।


मंदिरों में स्थापित ज्योति कलश और माता के दरबार में पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्तजन मां महागौरी से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

हिंदू संस्कृति में मातृ शक्ति का विशेष महत्व है और नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इसी क्रम में महाष्टमी के दिन मां महागौरी की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है।
महाष्टमी के इस पावन अवसर पर पूरे अंचल के मंदिरों में भक्तिभाव का वातावरण बना हुआ है।

