मुंगेली । ए.आर.सी. हाइट्स स्कूल, मुंगेली के विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने एवं सामाजिक संस्थानों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने सिटी कोतवाली थाना, डाकघर मुंगेली तथा विशाल मेगा मार्ट का दौरा किया। भ्रमण की शुरुआत सिटी कोतवाली थाना मुंगेली से हुई, जहाँ थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े ने बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी। प्रधान आरक्षक दिलीप सादू, आरक्षक बलीराम साहू, अरुण साहू, नोहर डडसेना, और भागवत साहू ने बाल सुरक्षा, मोबाइल के सदुपयोग एवं दुरुपयोग के विषय में उपयोगी जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त ए.एस.आई. भानु वर्मा एवं हरीश साहू ने बच्चों को बाल शोषण, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा दस्तावेजों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इसके पश्चात विद्यार्थियों को डाकघर मुंगेली का भ्रमण कराया गया, जहाँ मुख्य अधिकारी एन.आर. बांधेकर ने पत्राचार की प्रक्रिया, अंतर्देशीय पत्र, पोस्टकार्ड, मनीऑर्डर जैसी सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बच्चों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया, जिनका लाभ विद्यार्थी भी उठा सकते हैं।भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने विशाल मेगा मार्ट का दौरा किया, जहाँ स्टाफ द्वारा खरीद-फरोख्त, बिलिंग प्रणाली तथा ग्राहक सेवा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को न केवल व्यवहारिक अनुभव प्राप्त होता है, बल्कि सामाजिक संस्थाओं के प्रति उनकी समझ और जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ती है। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
google.com,pub-3241875176065588,DIRECT,f08c47fec0942fa0

