
तखतपुर में बर्ड फ्लू का खतरा, खुले में फेंकी गई मृत मुर्गियां बनीं चिंता का कारण,,
टेकचंद कारडा
तखतपुर — क्षेत्र में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। हाल ही में बिलासपुर में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद अब इसका असर तखतपुर और आसपास के इलाकों में भी दिखने लगा है।
तखतपुर के पास ग्राम नगोई बाईपास पर एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मुख्य मार्ग से करीब आधा किलोमीटर पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बोरी में भरकर बड़ी संख्या में मृत मुर्गियां फेंक दी गईं।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब यह दृश्य देखा, तो आसपास कुत्ते उन मुर्गियों को नोच-नोचकर खाते नजर आए, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय का माहौल है। बर्ड फ्लू की आशंका के चलते न केवल पोल्ट्री फार्म संचालकों बल्कि आम नागरिकों में भी चिंता बढ़ गई है।

तखतपुर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 4-5 मुर्गी फार्म मौजूद हैं, जिन पर अब खतरा मंडराने लगा है।
इसका असर मुर्गी पालन और उससे जुड़े व्यापार पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर नवरात्रि के बाद जब लोग फिर से नॉन-वेज का सेवन शुरू करते हैं, ऐसे समय में बर्ड फ्लू की आशंका ने मुर्गी उपभोक्ताओं को भी दहशत में डाल दिया है।

स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए, मृत मुर्गियों का सुरक्षित निस्तारण किया जाए और क्षेत्र में आवश्यक जांच व निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

