
मनियारी नदी में करंट से मछली पकड़ने की कोशिश, युवक की मौके पर मौत,,
टेकचंद कारडा
तखतपुर क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां मनियारी नदी में करंट लगाकर मछली पकड़ने का प्रयास एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तखतपुर थाना अंतर्गत ग्राम सूरीघाट निवासी मायाराम कैवर्त (उम्र 45 वर्ष) रविवार सुबह लगभग 9 बजे मनियारी नदी में मछली पकड़ने गया था। बताया जा रहा है कि उसने नदी में जाल बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया था, ताकि आसानी से मछलियां पकड़ी जा सकें।

इसी दौरान जैसे ही उसका पैर पानी में पड़ा, वह खुद ही करंट की चपेट में आ गया। अचानक हुए इस हादसे में वह खुद को बचा नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर अवैध और खतरनाक तरीके से मछली पकड़ने के जोखिमों को उजागर किया है।

