

CG समाचार न्यूज़ के खबर का असर-
बीजातराई राशन दुकान में अनियमितता पर कार्रवाई, सोसायटी में कम राशन देने और अधिक पैसे लेने का था आरोप,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- ग्राम बीजातराई की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
CG समाचार न्यूज़ के खबर का असर हुआ है जो हमेशा जनता के हित से जुड़े मामलो को खबरों के माध्यम से उठाते रहें है और आज उस खबर का असर हुआ की सोसायटी में अनिमित्ता और हितग्राहियों से दुर्व्यवहार करने के चलते स्व सहायता समूह को निलंबित कर दिया गया है यह कार्यवाही मुंगेली SDM ने की है।

पूरा मामला बीजातराई सुसायटी का है हितग्राहियों को कम राशन देने, शक्कर के लिए अधिक पैसे वसूलने और अभद्र व्यवहार की शिकायत के बाद जांच में अनियमितता पाए जाने पर दुकान संचालक समूह का प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया है।


दरअसल, ग्राम बीजातराई की उचित मूल्य दुकान “मां महामाया महिला स्व सहायता समूह” द्वारा संचालित की जा रही थी। ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि दुकान में निर्धारित मात्रा से कम चावल दिया जा रहा है तथा शक्कर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेची जा रही है। विरोध करने पर हितग्राहियों से दुर्व्यवहार भी किया जाता था।

शिकायत के बाद खैरा सेतगंगा के नायब तहसीलदार और खाद्य अधिकारी द्वारा जांच की गई। जांच में चावल, नमक और शक्कर वितरण में अनियमितता पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने संचालक एजेंसी मां महामाया महिला स्व सहायता समूह बीजातराई के अध्यक्ष, सचिव एवं सहायक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि समूह द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की विभिन्न कंडिकाओं के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। इसके चलते शासकीय उचित मूल्य दुकान बीजातराई (आईडी क्रमांक 402005045) का प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

साथ ही आगामी आदेश तक बीजातराई की राशन दुकान को अस्थायी रूप से समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान सिंगारपुर (आईडी क्रमांक 402005046) से संबद्ध किया गया है। अब बांके बिहारी महिला स्व सहायता समूह पंडोतरा (सिंगारपुर) द्वारा बीजातराई के राशन कार्डधारियों को ग्राम पंचायत बीजातराई में ही खाद्यान्न और केरोसिन का वितरण किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

