

रीवा में जैन साध्वियों की मौत के विरोध में मुंगेली में मौन रैली, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- रीवा मध्यप्रदेश में विगत दिनों दो जैन साध्वियों की विहार के दौरान कार की टक्कर से हुई दर्दनाक मृत्यु के विरोध में मुंगेली के सकल जैन समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में समाज के लोगों ने पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से मौन रैली निकाली, जो सुमतिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर सदर बाजार होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुंची।

इसके बाद बाइक रैली के माध्यम से करही स्थित कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 20 मई 2026 को रीवा मध्यप्रदेश में प्रातःकालीन विहार के दौरान एक कार चालक द्वारा लापरवाही एवं अनियमित तरीके से वाहन चलाते हुए पैदल विहार कर रहे साध्वी संघ को टक्कर मार दी गई। इस हादसे में परम पूज्य प्रातः स्मरणीय समाधि सम्राट आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की सुयोग्य शिष्या एवं आचार्य श्री समय सागर महाराज की आज्ञानुवर्ती परम पूज्य श्रुतमति माता जी एवं परम पूज्य उपशममति माता जी का मौके पर ही दुखद निधन हो गया।

सकल जैन समाज ने इस घटना को केवल सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए कहा कि उपलब्ध तथ्यों, वीडियो क्लिप एवं परिस्थितियों से समाज में गहरी आशंका एवं चिंता का वातावरण बना हुआ है। घटना के बाद देशभर के जैन समाज में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया कि जैन साधु-संत पूर्णतः निहत्थे, अहिंसक एवं पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं, जो समाज में शांति, संयम, करुणा एवं अहिंसा का संदेश देते हैं। ऐसे संतों के साथ लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं एवं हमले समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक हैं।
सकल जैन समाज मुंगेली ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि रीवा घटना की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। प्रकरण की SIT अथवा न्यायिक जांच हो, घटना से जुड़े सभी CCTV फुटेज, वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि मामले में सुनियोजित षड्यंत्र के तथ्य सामने आते हैं तो कठोर धाराएं लगाई जाएं।
इसके साथ ही समाज ने संत सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू करने, पैदल विहार करने वाले साधु-संतों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाने, संवेदनशील मार्गों पर विशेष कानूनी प्रावधान लागू करने तथा विहार के दौरान स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा एवं सहयोग सुनिश्चित करने की मांग भी की।
उक्त ज्ञापन कलेक्टोरेट में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी को सौंपा गया। इस दौरान सकल जैन समाज के शरदचंद जैन, कांतिलाल लोढ़ा, नरेन्द्र कोटड़िया, नवरतन जैन, विकास जैन, राजकुमार जैन, सुनील बैद, पवन जैन, सुधीर जैन, अरुण कोटड़िया, महेन्द्र पारख, अनूप जैन, संदीप कोठारी, संजीव जैन, अनिल जैन, अजय जैन, युवा विधानाचार्य अभिषेक जैन, प्रदीप जैन, आनंद जैन, नितिन जैन, मनीष पारख, श्रेयांस गोलछा, अखिल जैन, कृष्ण कुमार बैद, नीरज चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

