समय सीमा खत्म, काम आधा भी नहीं… 5.05 करोड़ का मुंगेली गौरव पथ बना बदहाली की मिसाल, विभाग ने ठेकेदार को 1 करोड़ 25 लाख का कर दिया भुगतान,निर्माण गुणवत्ता पर भी उठे सवाल,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – शहर की पहचान माने जाने वाले गौरव पथ का निर्माण कार्य अब प्रशासनिक लापरवाही और अधूरे विकास कार्यों की मिसाल बनता जा रहा है। 5 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे 830 मीटर लंबे गौरव पथ की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य 50 प्रतिशत तक भी पूरा नहीं हो पाया है। वहीं स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण में अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने अपने गृह जिला मुंगेली के पुराने और जर्जर गौरव पथ के स्थान पर नए गौरव पथ और दोनों ओर नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी थी। इसके बाद 19 जून 2025 को नगर पालिका परिषद मुंगेली ने अविनाश बिल्डकॉन को एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का वर्क ऑर्डर जारी किया था। लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाली निर्माण में भारी अनियमितता की गई है। पुराने नाले के ऊपर ही नया कवर डाल दिया गया है और कई स्थानों पर घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य आधा-अधूरा और गुणवत्ता विहीन नजर आ रहा है।

हरियाली उजड़ी, सड़क हुई संकरी
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले गौरव पथ के बीच बने छोटे डिवाइडर में बड़े-बड़े हरे-भरे पेड़ लगे थे, जिन्हें विकास कार्य के नाम पर हटा दिया गया। अब चौड़ा डिवाइडर बनाए जाने से सड़क पहले की तुलना में और संकरी हो गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।

ट्रांसफार्मर और गड्ढे बढ़ा रहे हादसों का खतरा
गौरव पथ पर झूलेलाल मंदिर के पास सड़क के बीचों-बीच लगा ट्रांसफार्मर अब भी नहीं हटाया गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं पूरी सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला और नगर प्रशासन के अधिकारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन अधूरे निर्माण और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में करोड़ों रुपये की इस परियोजना की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

