लोरमी में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, आरोपी 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/लोरमी – मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 9 जुलाई 2026 को लोरमी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन सुबह करीब 8:30 बजे उनकी बेटी घर के आंगन में बैठी थी। पीड़िता दोनों हाथ और दोनों पैरों से दिव्यांग है, बोल नहीं सकती, लेकिन सुन सकती है, बातों को समझती है और इशारों से संवाद करती है। आरोप है कि इसी दौरान गांव अमलडीही निवासी दीपक पटेल घर में घुसा, लोहे का गेट अंदर से बंद कर पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।

शिकायत के आधार पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 287/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान सत्य साईं हेल्प वे मूक-बधिर आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र, मुंगेली की विशेष शिक्षिका की सहायता से द्विभाषिया के माध्यम से दर्ज कराया गया। साथ ही पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस ने आरोपी दीपक पटेल (26 वर्ष), निवासी अमलडीही, थाना लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 10 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 11 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव के नेतृत्व में थाना लोरमी पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

