तखतपुर के बरेला में भीषण सड़क हादसा: दो महिलाओं की मौत, एक युवक गंभीर, कार चालक फरार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/तखतपुर – बिलासपुर जिले के तखतपुर से लगे बरेला में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जारी है। हादसा उस समय हुआ जब मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32) अपनी मोटरसाइकिल से किरण बसोर और हेमलता के साथ जा रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी किरण बसोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमलता का एक पैर कटकर अलग हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 तथा पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर साहू और हेमलता को तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हेमलता को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, सिर में गंभीर चोट आने के कारण भुनेश्वर साहू को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में जरहागांव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार कार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

घटनास्थल से पुलिस को कार की टूटी हुई नंबर प्लेट के साथ “सीएमओ” लिखा हुआ एक प्लेट भी मिला है, जिसे जब्त कर जांच की जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल कार स्कोडा कंपनी की बताई जा रही है और उसे नगर पालिका तखतपुर परिसर में छिपाकर रखे जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

