मुंगेली की दो बेटियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान, अंजली शर्मा और प्रभंजना वैष्णव बनीं ‘विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान’ की मानद उपाधि से सम्मानित,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – मुंगेली जिले के लिए गर्व की बात है कि जिले की दो प्रतिभाओं अंजली शर्मा और प्रभंजना वैष्णव को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ, वृंदावन धाम द्वारा आयोजित राष्ट्रीय हिन्दी संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में “विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह मानद उपाधि पीएचडी के समतुल्य मानी जाती है।

नई दिल्ली के पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में 26 जुलाई को आयोजित इस भव्य समारोह में देशभर से आए शिक्षाविदों, चिकित्सकों, योगाचार्यों, साहित्यकारों, लेखकों एवं समाजसेवियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुंगेली जिले के कोलेगांव निवासी अंजली शर्मा तथा मुंगेली निवासी प्रभंजना वैष्णव को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, समाज के प्रति योगदान और विद्यापीठ की अनुशंसा के आधार पर “विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान” प्रदान किया गया।

समारोह में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ‘देवेन्दु’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हरिभाई आर्यन एवं डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर तथा मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षाविद एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रुतिकीर्ति सिंह मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार ने अपने संबोधन में हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठा दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ने बताया कि यह सम्मान हिन्दी लेखन, शिक्षा, चिकित्सा सेवा, योग, पर्यावरण जागरूकता, विधि सहायता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है।
मुख्य वक्ता डॉ. श्रुतिकीर्ति सिंह ने युवाओं से हिन्दी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने का आह्वान किया। समारोह का संचालन कशिश चावला ने किया।
मुंगेली जिले की दोनों बेटियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने अंजली शर्मा और प्रभंजना वैष्णव को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

