




चिल्फी पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने की युवक की हत्या,,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम घानाघाट में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई की रात घानाघाट में 24 वर्षीय अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रामचंद पटेल के घर के पास मिला था। सूचना पर डिंडौरी चौकी और चिल्फी पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को हत्या के पीछे ब्लैकमेलिंग की वजह सामने आई। पुलिस के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पूर्व अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल महाराष्ट्र में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच संबंध बने। आरोप है कि अरुण ने इस दौरान वीडियो बना लिया था और गांव लौटने के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, ब्लैकमेलिंग से परेशान मनीषा ने अपने पति मुकेश को पूरी बात बताई। दोनों ने अरुण की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने अरुण को अपने घर बुलाया और दूध में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। बेहोश होने के बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घर के पास फेंक दिया गया तथा मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया गया।
मर्ग जांच में हत्या का तथ्य सामने आने पर चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 112/26 के तहत धारा 103, 238(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी मुकेश पटेल उम्र 34 वर्ष और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल उम्र 27 वर्ष, दोनों निवासी घानाघाट, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 17 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में डिंडौरी चौकी और चिल्फी पुलिस ने मामले की जांच की।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

