
नवरात्रि से पहले नगर को सजाने-संवारने की कवायद तेज,नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कलेक्टर को सौंपा 10 सूत्रीय मांग पत्र
रंग-रोगन,प्रकाश व्यवस्था से लेकर पेयजल,पार्किंग,यातायात,सफाई और सुरक्षा तक की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग
मुंगेली। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए नगर में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कलेक्टर मुंगेली को पत्र सौंपकर नगर में व्यापक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। अध्यक्ष ने अपने पत्र में नवरात्रि पर्व के दौरान नगर को स्वच्छ,सुंदर,व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समय रहते तैयारियां पूरी कराने का आग्रह किया है।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कलेक्टर को दिए पत्र में कहा है कि नवरात्रि पर्व के अवसर पर नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। नगर के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में पर्व शुरू होने से पहले ही मूलभूत सुविधाओं और नागरिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
प्रमुख प्रवेश द्वार और मार्गों का होगा सौंदर्यीकरण
अध्यक्ष ने नगर के प्रमुख प्रवेश द्वारों, डिवाइडरों, पुल-पुलियों तथा प्रमुख मार्गों पर रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार सजावटी एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई
पत्र में नगर के प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नियमित रूप से कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई है।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शौचालय की व्यवस्था
नवरात्रि के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके साथ ही नगर के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास अस्थायी शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर
नवरात्रि के दौरान देवी मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अध्यक्ष ने यातायात एवं पार्किंग की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है,ताकि जाम की स्थिति निर्मित न हो। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने का भी आग्रह किया गया है।
जर्जर सड़कों,नालियों और पुल-पुलियों की मरम्मत की मांग
अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर के क्षतिग्रस्त मार्गों,नालियों,पुल-पुलियों सहित अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कराने की मांग भी रखी है,ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था
नवरात्रि के दौरान विद्युत व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। वहीं किसी भी आपातकालीन परिस्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य एवं प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने का भी आग्रह किया गया है।
“नवरात्रि में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिले बेहतर व्यवस्था”:रोहित शुक्ला
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि नवरात्रि मुंगेली के लिए आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं,इसलिए हमारा प्रयास होना चाहिए कि उन्हें स्वच्छ,सुंदर,सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले। नगर पालिका अपने स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी,लेकिन यातायात,विद्युत,स्वास्थ्य,पुलिस एवं अन्य विभागों के सहयोग के बिना व्यापक व्यवस्था संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा नगर पालिका के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया है।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि “हमारा उद्देश्य नवरात्रि के दौरान मुंगेली को स्वच्छ,सुंदर,सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण देना है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं,यही हमारी प्राथमिकता है।”
नगर पालिका अध्यक्ष ने कलेक्टर से उपरोक्त सभी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

