
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लोगों को का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविरों का हुआ आयोजन,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – मुंगेली जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का बेहतर क्रियान्वयन देखने को मिल रहा है। कलेक्टर कुंदन कुमार की मॉनिटरिंग और नवाचारों के चलते जिले में योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मुंगेली जिले के तीनों विकासखंडों में आज विशेष शिविर लगाए गए, जहां आम नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, सोलर पैनल वेंडर्स और बैंकिंग सेक्टर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इन शिविरों के माध्यम से लोगों को न सिर्फ योजना की जानकारी दी जा रही है, बल्कि आवेदन प्रक्रिया और फाइनेंस से जुड़ी सुविधाओं पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़ सकें।

जिले में इस योजना के तहत 12 हजार घरों का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अब तक 14 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। 400 से ज्यादा घरों में सोलर पैनल इंस्टॉलेशन भी पूरा हो चुका है।
खास बात यह है कि कलेक्टर कुंदन कुमार खुद 15 से 20 घरों का निरीक्षण कर योजना की प्रगति का जायजा ले चुके हैं और लोगों को मिल रही मुफ्त बिजली की स्थिति को परखा है।
कलेक्टर का कहना है कि जिले में नवाचार के साथ सोलर रेवोल्यूशन लाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में पूरे मुंगेली जिले के घरों की छतों पर सोलर पैनल नजर आएं।
कुल मिलाकर, मुंगेली जिला प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में एक मिसाल बनता नजर आ रहा है, जहां प्रशासन की पहल से लोग तेजी से सोलर ऊर्जा की ओर बढ़ रहे हैं।

