
मुंगेली में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य शुभारंभ, पाँच दिनों तक गूंजेगा “अहिंसा परमो धर्म”,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर शहर में पाँच दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। पहले ही दिन “अहिंसा परमो धर्म” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।
प्रभात फेरी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
महोत्सव के प्रथम दिन सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत जैन श्वेतांबर मंदिर से हुई। यह प्रभात फेरी गोल बाजार, बालानी चौक, पड़ाव चौक और पानी टंकी होते हुए पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई।
पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और भगवान महावीर के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

युवाओं और महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी
प्रभात फेरी में युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वजा लिए “जियो और जीने दो” के संदेश का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। समाज के वरिष्ठजनों ने इस उत्साह की सराहना की।

नवकारसी का हुआ आयोजन
प्रभात फेरी के समापन के बाद कोटड़िया भवन में श्रद्धालुओं के लिए ‘नवकारसी’ (अल्पाहार) की सुंदर व्यवस्था की गई। इस दौरान सभी ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

31 मार्च को होगा प्रसाद वितरण
महोत्सव समिति के अनुसार कार्यक्रमों की श्रृंखला लगातार जारी रहेगी। इसी क्रम में 31 मार्च को ओसवाल भवन में भव्य महावीर प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

