

सुरीघाट रोड हादसा: डॉक्टर मनीष बंजारा की तत्तपरता से बनी जीवन की उम्मीद,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – सुरीघाट रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर जीवन की नाजुकता को उजागर किया है। हालांकि इस घटना में मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल भी सामने आई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरी निवासी करीब 24 वर्षीय युवक त्रिलोक महिलांग सड़क से गुजर रहे थे, तभी अचानक हुए हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

इसी दौरान मौके पर मौजूद डॉ. मनीष बंजारा ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इतना ही नहीं, उन्होंने घायल युवक को स्वयं ऑटो में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया।

समय पर मिली चिकित्सा सहायता के चलते युवक का जीवन बचाया जा सका। यह घटना दर्शाती है कि सही समय पर की गई मदद किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि डॉ. मनीष बंजारा को हाल ही में ‘सड़क सुरक्षा 2026’ के तहत दुर्घटनाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। यह घटना उनके समर्पण और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है।
डॉ. बंजारा की अपील
डॉ. बंजारा ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि सड़क पर कोई दुर्घटना दिखाई दे, तो मूक दर्शक न बनें। आपकी छोटी सी मदद किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।

