
लो वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल से शिवाजी वार्ड के रहवासी परेशान, बढ़ रहा आक्रोश 15 दिनों से समस्या बरकरार, शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- नगर पालिका क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित शिवाजी वार्ड के रहवासी इन दिनों गंभीर बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले करीब 15 दिनों से वार्ड में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लो वोल्टेज के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं, वहीं भीषण गर्मी के चलते मोटर पंप भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इससे पानी की समस्या भी गहराने लगी है।
स्थिति बीते दो दिनों में और खराब हो गई है। दिनभर हर 10 से 15 मिनट में बिजली बंद हो रही है, जबकि आज तो चार घंटे से अधिक समय तक पूरे वार्ड की बिजली पूरी तरह ठप रही।
रहवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग के शिकायत नंबर पर कॉल करने पर फोन ‘बिजी’ बता कर काट दिया जाता है, जिससे उनकी समस्या सुनी ही नहीं जा रही। न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंच रहा है और न ही जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान दे रहे हैं।
इस लापरवाही से वार्डवासियों में बिजली विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

