15 साल से बदहाल प्रतापपुर–हेडसपुर–जैतपुरी सड़क, गड्ढों और कीचड़ में सफर करने को मजबूर ग्रामीण व स्कूली छात्र,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के गृह जिले मुंगेली में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कई ग्रामीण सड़कें बदहाली का शिकार हैं। प्रतापपुर से हेडसपुर, जैतपुरी और चारभाटा तक जाने वाली सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उस पर चलना भी मुश्किल हो गया है।

सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों और कीचड़ से भर गई है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 वर्षों से इस सड़क का न तो समुचित संधारण किया गया और न ही नवीनीकरण कराया गया।

बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे छात्र-छात्राएं स्कूल जाते समय कई बार फिसलकर घायल हो जाते हैं और उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं।
प्रतापपुर हाई स्कूल में पढ़ने के लिए जैतपुरी और हेडसपुर सहित आसपास के गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र इसी मार्ग से आते-जाते हैं।
देखिए वीडियो – साथ ही हमारे चैनल को subscribe करे,,👇👇 हमारे YOUTUBE में देखे
यही सड़क ग्रामीणों के लिए लालपुर तहसील, लोरमी और मुंगेली शहर तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग भी है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को आवेदन व ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल बैठकों और कागजी समीक्षा तक सीमित हैं, जबकि जमीनी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि यदि समय पर सड़क का संधारण और गुणवत्ता की जांच होती तो आज यह स्थिति नहीं बनती। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए शीघ्र मरम्मत एवं नवीनीकरण कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

