खेल-खेल में 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, गमछे में गला फंसने से गई जान,,
कोरबा – जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित सतनाम नगर में खेल-खेल में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली रोमा राज (10 वर्ष) अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में उसका गला गमछे में फंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रोमा राज का परिवार मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा का रहने वाला है और वर्तमान में रोजी-रोटी के सिलसिले में बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे खेल के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों पर हर समय निगरानी रखने और घर में संभावित खतरनाक परिस्थितियों से सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

