पारिवारिक विवाद में भाई ने भाई और जीजा पर चलाया तीर, दोनों घायल, आरोपी फरार,,
गरियाबंद – जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के घूमरापदर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपने ही भाई और जीजा पर धनुष-तीर से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार, घूमरापदर निवासी राजूराम कमार ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते अपने भाई गुनासिंग कमार और जीजा नीमासिंग पर धनुष-तीर से हमला कर दिया। हमले में एक तीर गुनासिंग की पीठ में जा धंसा, जबकि दूसरा तीर नीमासिंग के हाथ को घायल करते हुए पास के एक पेड़ में जा लगा।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल अमलीपदर अस्पताल पहुंचाया। गुनासिंग की पीठ में तीर गहराई तक धंसा होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गरियाबंद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीर निकालने और बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजूराम कमार मौके से फरार हो गया। अमलीपदर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

