
फरहदा में हुए ब्लाइंड मर्डर की मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया, दो आरोपी गिरफ्तार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुई हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए पुराने विवाद का परिणाम थी। दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे, ग्राम फरहदा स्थित खरचोरवा तालाब के पास आरोपियों ने युवक कोमल साहू एवं उसके साथी अर्जुन साहू के साथ मारपीट की।

इसी दौरान आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने बटनदार चाकू से कोमल साहू के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान कोमल साहू की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े एवं मोबाइल फोन को विधिवत जप्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मामले में 25 व 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस ने आरोपी
- हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (उम्र 18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा, जरहागांव
- जयपाल उर्फ कल्लू साहू (उम्र 20 वर्ष), निवासी फरहदा
को दिनांक 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 04 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित जरहागांव थाना स्टाफ एवं सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

