
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर और धूमा का किया औचक निरीक्षण,अव्यवस्था पर सरगॉव समिति प्रबंधक को लगाई फटकार, नोटिस व वेतन रोकने के दिए निर्देश,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पथरिया विकासखण्ड के धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर एवं धूमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों से धान खरीदी की प्रगति, व्यवस्थाओं व किसानों को दी जा रही सुविधाओं, अब तक कितने किसानों से धान खरीदी हुई है, खरीदी की मात्रा, रकबा समर्पण एवं टोकन व्यवस्था आदि की जानकारी ली।

साथ ही संबंधित अधिकारियों को समिति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीदी निर्बाध रूप से जारी रहे। धान खरीदी केंद्र सरगांव में निरीक्षण के दौरान धान का समुचित स्टेकिंग नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। खराब व्यवस्था के लिए समिति प्रबंधक श्री धनुष राम साहू को फटकार लगाते हुए नोटिस जारी करने तथा केंद्र का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अव्यवस्था को गंभीर लापरवाही मानते हुए सहकारिता निरीक्षक एवं फूड इंस्पेक्टर को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसएडीओ कोसले की भी लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्र की सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल एवं वजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया और मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर धान विक्रय, टोकन एवं भुगतान से संबंधित जानकारी ली। खरीदी केंद्र सांवतपुर में जानकारी दी गई कि 650 पंजीकृत किसानों में से 400 से अधिक किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है तथा 43 हेक्टेयर से अधिक रकबे का समर्पण हुआ है।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की रीसाइक्लिंग किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और केवल किसानों की वास्तविक उपज का ही धान खरीदा जाए। उन्होंने समिति प्रबंधक से स्टेकिंग एवं धान विक्रय की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने खरीदी केन्द्र धूमा में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी किसानों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। कलेक्टर ने अंत में राजस्व अधिकारियों को मिलों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि धान की रीसाइक्लिंग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने दो टूक कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दौरान पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश कुमार डड़सेना, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

