मुंगेली । ग्राम पंचायत पौनी में जल जीवन मिशन एवं नल-जल प्रदाय योजना के तहत बनाई गई पानी की टंकी और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था लंबे समय से अव्यवस्थित हो गई है। योजना के संचालन में आई तकनीकी और संरचनात्मक गड़बड़ियों के कारण ग्रामवासियों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मोटर पंप से लगभग 400 मीटर दूरी पर बिछाई गई राइजिंग मेन पाइप लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे टंकी तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है। पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण जल आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। साथ ही, ग्राम में बिछी कई पाइप लाइनों में लीकेज होने से बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई गलियों में अब तक पाइप लाइन बिछाई ही नहीं गई है और कई परिवार आज भी नल कनेक्शन से वंचित हैं। इन समस्याओं के समाधान हेतु ग्रामवासियों ने मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर मुंगेली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का टोकन नंबर 13726 जारी किया गया है। ग्राम पंचायत पौनी के सरपंच भारत रतन मंडेला बनर्जी ने कहा कि “ग्राम में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। विभाग को कई बार अवगत कराने के बाद भी सुधार नहीं हुआ है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों को आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है।” ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर पाइप लाइन का नवीनीकरण, लीकेज पाइप की मरम्मत तथा प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्रवाई जल्द की जाए, ताकि जल जीवन मिशन की भावना — ‘हर घर जल’ — साकार हो सके।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

