ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो चोरी के मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर मुंगेली पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना चिल्फी पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, चोरी का सबमर्सिबल मोटर पंप और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी (लोरमी) माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पहले मामले में रंगियापारा निवासी लखन साहू ने अपनी कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार रुपये गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पिछले चार वर्षों से दुकान में कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश साहू (26 वर्ष) गल्ले से समय-समय पर रुपये निकालते हुए दिखाई दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब 1.50 लाख से 2 लाख रुपये की चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 60 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दूसरे मामले में गैलूगांव निवासी संजय बघेल ने अपने खेत से सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने तीन युवकों को मोटर पंप लेकर मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर भूपेन्द्र दिवाकर, संजय बंजारे और महेन्द्र दिवाकर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 20 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सबमर्सिबल मोटर पंप तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा के नेतृत्व में थाना चिल्फी पुलिस टीम ने दोनों मामलों का त्वरित खुलासा किया। पुलिस अधीक्षकों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

