मुंगेली शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, मेडिकल जांच के बाद निलंबन की अनुशंसा,,
मुंगेली के केशलीकला स्कूल का मामला, बीईओ की सख्त कार्रवाई; जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- शिक्षा के मंदिर की गरिमा को शर्मसार करने वाले एक मामले में मुंगेली शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केशलीकला में पदस्थ शिक्षक उमेश कुमार यादव के खिलाफ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विमित्रा घृतलहरे ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ उनका चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल मुलाहिजा) कराया। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।

बीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को शैक्षिक समन्वयक के आकस्मिक निरीक्षण और व्हाट्सएप पर प्राप्त एक वीडियो के आधार पर शिकायत मिली थी कि संबंधित शिक्षक विद्यालय समय के दौरान शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय खुलने के करीब आधे घंटे बाद भी शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले वे लगातार दो दिनों तक बिना अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहे थे।

मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए शिक्षा विभाग ने शिक्षक को दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए थे। विभाग ने स्पष्ट किया था कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच 27 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत केशलीकला के सरपंच ने बीईओ को दूरभाष के माध्यम से फिर शिकायत दी कि संबंधित शिक्षक दोबारा शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे हैं। शिकायत में कहा गया कि शिक्षक के इस व्यवहार से छात्र-छात्राओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए बीईओ ने थाना प्रभारी फास्टरपुर को पत्र लिखकर शिक्षक का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराने का अनुरोध किया। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
विभाग का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद जिले में शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में अनुशासन और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि विद्यालयों की गरिमा और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बना रहे।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

