5.79 करोड़ की लागत से बन रहा स्विमिंग पूल, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल; प्रशासनिक मॉनिटरिंग पर भी प्रश्नचिह्न,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिले को लंबे इंतजार के बाद स्विमिंग पूल की सौगात मिल रही है। करीब 5.79 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल का निर्माण कार्य जारी है। हालांकि निर्माण के शुरुआती चरण में ही इसकी गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मुंगेली जिला लंबे समय से बड़े जनप्रतिनिधियों का गृह जिला रहा है। वर्तमान में भी यह केंद्रीय मंत्री, सांसद और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का गृह जिला है। इसके बावजूद जिले में कई निर्माण कार्य गुणवत्ता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल को लेकर भी लोगों की नजरें प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर टिकी हुई हैं।

स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों का कहना है कि जिले में स्विमिंग पूल की मांग वर्षों पुरानी थी। इसके निर्माण से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी और तैराकी जैसे खेलों को बढ़ावा मिलेगा। लेकिन यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया तो करोड़ों रुपये की यह परियोजना भी अन्य निर्माण कार्यों की तरह विवादों में घिर सकती है।

जानकारों का मानना है कि निर्माण कार्य के दौरान समय-समय पर तकनीकी जांच और प्रशासनिक मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है। यदि गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं हुई तो ठेकेदारों को मनमानी करने का मौका मिल सकता है, जिससे परियोजना की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ सरकारी धन का भी नुकसान होगा।
फिलहाल निर्माण कार्य जारी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग समय रहते गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करता है या नहीं, ताकि जिले को एक टिकाऊ और बेहतर खेल सुविधा मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

