एसएलएस हायर सेकेंडरी स्कूल मुंगेली को मिली एनएसएस की नई इकाई, विद्यार्थियों को समाजसेवा का मिलेगा अवसर,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- एसएलएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की नई स्वयंसेवक इकाई की स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय के लिए इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य दिलीप ताम्रकार ने बताया कि एनएसएस इकाई के गठन से छात्र-छात्राओं को समाजसेवा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता तथा राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा।इससे विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतुलाल सोनकर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर जनजागरूकता अभियान और सामुदायिक सेवा गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

विद्यालय को एनएसएस की नई इकाई की स्वीकृति दिलाने में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा (बिलासपुर विश्वविद्यालय) तथा जिला संगठक एन.के. पुरले (डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र महाविद्यालय, मुंगेली) का विशेष सहयोग रहा।
विद्यालय परिवार ने भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि नई एनएसएस इकाई विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्यालय की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में उच्च श्रेणी शिक्षक योगेश गिरी गोस्वामी को नियुक्त किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में एनएसएस इकाई समाजसेवा और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करेगी।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

