मुंगेली में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र, बीईएमएल परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी,,
पथरिया के ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर होगी आवंटित, हजारों रोजगार और औद्योगिक विकास की खुलेंगी नई संभावनाएं,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली – छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला बड़ा फैसला सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

यह संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण उद्योग होगा। इसके स्थापित होने से प्रदेश में आधुनिक भारी मशीन निर्माण क्षेत्र की शुरुआत होगी और मुंगेली औद्योगिक निवेश का नया केंद्र बनकर उभरेगा।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना मुंगेली के औद्योगिक भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही जिले में आधुनिक इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण गतिविधियों का विस्तार होगा।

जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक चरण में बीईएमएल की परियोजना के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि का चिन्हांकन किया जा रहा था। बाद में कंपनी ने मुंगेली में उपलब्ध भूमि में रुचि दिखाई। इसके बाद जिला प्रशासन, उद्योग विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सर्वेक्षण कर ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन किया। आवश्यक विभागीय अनुमतियां और अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद भूमि आवंटन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसे अब राज्य मंत्रिपरिषद ने स्वीकृति दे दी है।
देखें वीडियो – इस खुश खबर पर मुंगेली कलेक्टर ने क्या संदेश दिया देखिए👇👇
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र किशोर राजपूत ने बताया कि चयनित भूमि बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और मुख्य मार्ग से जुड़ी होने के कारण औद्योगिक परियोजना के लिए रणनीतिक रूप से उपयुक्त है।

बीईएमएल संयंत्र की स्थापना से जिले में प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई), मशीन पार्ट्स निर्माण, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सर्विसिंग और अन्य सहायक उद्योगों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। इससे मुंगेली आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक जिलों में शामिल हो सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

