




मुंगेली में “साइबर जागृति अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ, सात सप्ताह तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के लोगो एवं QR कोड का विमोचन किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अभियान के उद्देश्य, थीम, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों और जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

“साइबर जागृति की एक सेल्फी” बनी अभियान की मुख्य थीम
अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” रखी गई है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने जिलेवासियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, कलाकारों, युवाओं और विद्यार्थियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर होंगे कार्यक्रम
मुंगेली पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह के दौरान अलग-अलग वर्गों और संस्थानों को केंद्रित कर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।
दूसरा सप्ताह: बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी, UPI फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउज़िंग और डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
पांचवां सप्ताह: युवाओं को जॉब फ्रॉड, फिशिंग और ऑनलाइन रोजगार के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के लिए रोजगार कार्यालय, ITI और कौशल विकास केंद्रों में जागरूक किया जाएगा।
छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सातवां सप्ताह: गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

चौक-चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार
अभियान के तहत मुंगेली पुलिस की जिला स्तरीय टीमों और थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों सहित प्रमुख स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड और साइबर जागरूकता संदेशों का प्रचार किया जाएगा। पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स और विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी जागरूकता सामग्री साझा की जाएगी।
2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर होगा। इस दौरान साइबर अपराध से सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल संबंधित पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की अपील की।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

