




दो साल से हर सुबह छत पर तिरंगा, शिक्षक की अनूठी पहल बनी चर्चा का विषय,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- देशभर में इन दिनों ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर राष्ट्रभक्ति का माहौल है। जगह-जगह तिरंगा यात्राएं, ध्वजारोहण और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इसी बीच मुंगेली विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झझपुरी खुर्द में पदस्थ शिक्षक एल.बी. पीताम्बर दास मानिकपुरी की अनूठी पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

नगर पंचायत जरहागांव निवासी शिक्षक पिछले करीब दो वर्षों से प्रतिदिन अपने घर की छत पर तिरंगा फहरा रहे हैं।
शिक्षक एल.बी. पीताम्बर दास मानिकपुरी प्रतिदिन सुबह करीब 8 बजे विधिवत ध्वजारोहण करते हैं और शाम को सूर्यास्त से पहले राष्ट्रध्वज को सम्मानपूर्वक उतारते हैं। इस दौरान वे राष्ट्रध्वज से जुड़े निर्धारित नियमों और मर्यादाओं का विशेष ध्यान रखते हैं। उनके लिए तिरंगा केवल राष्ट्रीय पर्वों पर फहराने वाला ध्वज नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक है।

बचपन से स्काउटिंग से जुड़ाव
शिक्षक मानिकपुरी का राष्ट्रध्वज और राष्ट्रसेवा के प्रति लगाव लंबे समय से है। वे बचपन से ही स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। स्काउटिंग के माध्यम से उनमें अनुशासन, सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत हुई। वर्तमान में वे स्काउट के राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर भी हैं।
स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। यही अनुभव और संस्कार उनके दैनिक जीवन में भी दिखाई देते हैं।

परिवार भी बनता है पहल का हिस्सा
प्रतिदिन होने वाले ध्वजारोहण में कई बार उनके परिवार के सदस्य भी शामिल होते हैं। सुबह घर की छत पर तिरंगा फहराने के दौरान परिवार के सदस्य उनके साथ मौजूद रहते हैं। इस तरह राष्ट्रध्वज के सम्मान की भावना परिवार के अन्य सदस्यों तक भी पहुंच रही है।
देशभक्ति को बनाया दैनिक जीवन का हिस्सा
आमतौर पर घरों में राष्ट्रीय पर्वों या विशेष अवसरों पर तिरंगा फहराया जाता है, लेकिन शिक्षक मानिकपुरी ने इसे किसी एक दिन तक सीमित नहीं रखा। पिछले करीब दो वर्षों से मौसम और अवसर की परवाह किए बिना वे प्रतिदिन तिरंगे को सम्मान देते आ रहे हैं।

उनका मानना है कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्वों या विशेष अभियानों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। राष्ट्रध्वज का सम्मान और उसके नियमों का पालन इसी भावना का एक माध्यम है।
तिरंगा अभियान के बीच बनी प्रेरणा
वर्तमान में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बीच शिक्षक एल.बी. पीताम्बर दास मानिकपुरी की यह पहल लोगों को प्रेरित कर रही है। एक ओर जहां अभियान के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं शिक्षक पिछले दो वर्षों से रोजाना तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने घर की छत पर स्थान दे रहे हैं।
एक शिक्षक के रूप में वे विद्यालय में बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ अपने व्यवहार और दिनचर्या के माध्यम से अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दे रहे हैं। नगर पंचायत जरहागांव निवासी और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झझपूरी खुर्द में पदस्थ शिक्षक की यह पहल इसलिए खास है, क्योंकि उन्होंने तिरंगे को केवल किसी विशेष दिन का हिस्सा न बनाकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

