

ऑपरेशन बाज के तहत चिल्फी पुलिस की कार्रवाई, हत्या के प्रयास के 4 आरोपी गिरफ्तार,,जमीन विवाद को लेकर खेत में युवक और उसके पिता पर हमला, लोहे का बरछा और डंडा बरामद,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/चिल्फी- चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में जमीन विवाद को लेकर हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम सिलतरा निवासी तोरन खाण्डे ने थाना चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:50 बजे वे अपने पुत्र दीपेन्द्र खाण्डे के साथ खेत गए थे। दीपेन्द्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई बर्मन और सारिका बर्मन वहां पहुंचे और खेत की जुताई को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दीपेन्द्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि रघुवंश बर्मन ने लोहे के बरछे से दीपेन्द्र के सिर पर वार किया, जबकि रामजी बर्मन ने हाथ-मुक्का और लाठी से उसके गाल एवं होंठ पर चोट पहुंचाई। वहीं, कला बाई और सारिका बाई ने दीपेन्द्र का हाथ पकड़ रखा था।
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता तोरन खाण्डे पर भी आरोपियों ने हमला किया। उनके सिर, बाएं हाथ के पंजे के ऊपर और बाएं गले पर लोहे के बरछे से वार कर चोट पहुंचाई गई।
मामले में थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। चिकित्सकीय रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।
घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में चिल्फी पुलिस ने आरोपियों की लगातार तलाश करते हुए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का बरछा भी बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रघुवंश बर्मन (24), रामजी बर्मन (52), कला बाई बर्मन (50) और सारिका बर्मन (20) सभी निवासी ग्राम सिलतरा, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा, सउनि मनक राम ध्रुव, प्रधान आरक्षक सिद्धेश्वर प्रसाद बंजारे, आरक्षक मुकेश कुर्रे एवं आरक्षक प्रशांत कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस के अनुसार, गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

