उफनती ढोलढोली नदी में फंसा यात्रियों से भरा माजदा वाहन, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा,,
कबीरधाम – कबीरधाम जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन लगातार लोगों से उफनती नदियों और नालों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। कुकदूर थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां ग्रामीणों की सतर्कता और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया

जानकारी के अनुसार, कुकदूर से पटपर होते हुए सिंदूरखार और बेलकी जाने वाले मार्ग पर स्थित ढोलढोली नदी तेज बहाव के कारण उफान पर थी। इसी दौरान एक माजदा वाहन चालक ने नदी पार करने की कोशिश की। वाहन में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 25 से 30 यात्री सवार थे।
नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के बीच वाहन अचानक बंद हो गया। पानी का दबाव बढ़ने से वाहन बहकर गहरे हिस्से की ओर खिसकने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए।

ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती नदी में उतरकर एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन थोड़ी सी और लापरवाही कई लोगों की जान पर भारी पड़ सकती थी।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बारिश के दौरान उफनती नदी-नालों को पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है। प्रशासन की चेतावनियों का पालन करना और जोखिम भरे फैसलों से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

