झटका तार बना काल: बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की करंट से दर्दनाक मौत,,
कबीरधाम – जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीरनपुर कला में एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में लगाए गए विद्युत झटका तार की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, किसान गोकरण पटेल अपने 22 वर्षीय बेटे परमेश पटेल के साथ खेत में बुआई करने पहुंचे थे। इसी दौरान परमेश अचानक खेत में लगाए गए विद्युत झटका तार की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख पिता गोकरण पटेल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगने से पिता और पुत्र दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कुछ समय बाद जब गोकरण पटेल की पत्नी भोजन लेकर खेत पहुंची, तो दोनों को मृत अवस्था में देखकर उसकी चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने खेतों में अवैध रूप से लगाए जाने वाले विद्युत झटका तार पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए किसानों के लिए सुरक्षित फसल सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

